शहर की अलग-अलग चार जगहों पर पुलिस ने छापेमारी कर 15.3 किलो हेरोइन और 24 लाख 23500 रुपये कैश बरामद किया है। इसे नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पकड़ी गई हेरोइन की कीमत 75 करोड़ बताई जा रही है।
दो महंगी गाड़ियां भी पुलिस ने जब्त की हैं। शहर के साउथ इलाके में आधी रात को चलाए इस अभियान को पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक का नाम दिया है। आईजी जम्मू एसडी सिंह ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि शहर के कुंजवानी, डिग्याना, गंग्याल और गांधी नगर में पुलिस ने कार्रवाई कर चार आरोपियों को पकड़ा है। दो केस गंग्याल और दो केस गांधी नगर थाने में दर्ज किए गए हैं।
आरोपियों में पंजाब के अमृतसर का रहने वाला राकेश कुमार उर्फ बॉबी, इंदिरा नगर जम्मू का रहने वाला संजीव कुमार उर्फ संजय, राजोरी के थन्नामंडी का रहने वाला अश्तयाक अहमद और समैलपुर कोठे जम्मू का सन्नी कुमार शामिल हैं।
इनके पास से 15.3 किलो हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस को पुख्ता सूचना मिलने के बाद यह आपरेशन गांधी नगर सब डिवीजन के एसडीपीओ रफीक मन्हास की अध्यक्षता में चलाया गया। इसमें गांधी नगर और गंग्याल थाने के एसएचओ और चौकी प्रभारियों को शामिल किया गया। अलग-अलग जगहों पर इन लोगों को दबोचा गया है।