लालगंज (ब्यूरो)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मौसीमगंज बाजार में मंगलवार की रात दरवाजे के बाहर सो रही युवती के गले से चेन और मोबाइल छीनकर कार सवार बदमाश फरार हो गए। बुधवार की सुबह पीड़ित ने थाने में तहरीर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित पप्पू उर्फ इजहार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मौसीमगंज बाजार का निवासी है। मंगलवार की रात पप्पू अपने परिवार के साथ दरवाजे के बाहर सो रहा था। रात करीब बारह बजे कार सवार तीन बदमाश उसके दरवाजे पर रुके और पप्पू के चारपाई पर रखे मोबाइल और पप्पू की भांजी शहाना के गले से चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पप्पू सहित बाजार के अन्य लोग बाइक से काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बुधवार की सुबह उसने देवगांव कोतवाली में तहरीर दिया। सीओ लालगंज एसपी तोमर ने बताया कि सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।