आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के असवनिया गांव निवासी सीमा पांडेय ने पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए डीजीपी सुलखान सिंह से गुहार लगाई। डीजीपी के निर्देश पर सोमवार को एसपी ने एसओ बरदह को केस दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही सीमा के पति की मौत के बाद कराया गया पोस्टमार्टम की रिपोर्ट तलब किया है। एसपी के इस कार्रवाई से आरोपी पक्ष में हड़कंप मचा है।
पीड़िता सीमा पांडेय का आरोप है कि उसके पति गुलाब पांडेय क्षेत्र के एक जिला पंचायत सदस्य के यहां नौकरी करते थे। 16 सितंबर को दिन में दस बजे जिला पंचायत सदस्य ने फोन कर उसके पति को अपने यहां बुलाया। काफी देर तक गुलाब के घर न आने पर सीमा जिपं सदस्य के घर गई लेकिन घर के लोग कोई संतोष जनक उत्तर नहीं दिए बल्कि डांटकर घर से भगा दिया। शाम करीब छह बजे जिला पंचायत सदस्य सीमा के पति की लाश लेकर घर पहुंचे और कहे कि सांप काटने से इनकी मौत हो गई है। सीमा का आरोप है कि उसने जब अपने पति की लाश को देखा तो उनका पेट फूला हुआ था। शरीर पर कचड़ा लगा था। टीशर्ट फटी थी, आधी लूंगी से शरीर ढंका हुआ था। चड्ढी शरीर पर नहीं थी। शरीर मेें कई जगह चोट के निशान थे। सीमा का आरोप है कि एक पूर्व कैबिनेट मंत्री के रिश्तेदार के साथ जिला पंचायत सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। राज छिपाने के लिए यह लोग पीएम रिपोर्ट अपने स्तर से तैयार करवा दिया। जबकि उसके पति की इन लोगों ने हत्या की है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसके नाम जमीन, रुपये आदि देने का लालच दे रहे। लेकिन उसे धन दौलत नहीं बल्कि इंसाफ चाहिए। आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कराने के लिए थाना से लेकर अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर लगाकर थक चुकी सीमा ने डीजीपी को ट्वीटकर अपनी पीड़ा बताई। डीजीपी के निर्देश पर एसपी अजय कुमार साहनी ने सोमवार को एसओ बरदह को केस दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट को तलब किया है।