बलरामपुर। पैदल जा रहे राजगीर की बलरामपुर चौराहे पर अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से मौत हो गई। उसका जैकेट आटोरिक्शा में फंस गया था जिससे वो गिर गया। पीछे से आ रहा अनियंत्रित ट्रक उसे कुचलकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है और पुलिस आरोपी ट्रक और चालक की तलाश में जुट गई है।
मृत नंदलाल (30) पुत्र डिग्री लाल शहर कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर गांव का निवासी था। मां-बाप के इकलौते नंदलाल के दो बेटे हैं। परिवार की जीविका चलाने के लिए वह राजगीर का काम करता था। बुधवार की शाम को नंदलाल कहीं से लौट रहा था। बलरामपुर मुहल्ले में पहुंचने पर उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। वह एक दुकानदार से खाली बॉटल लेकर पैदल ही पेट्रोल टंकी पर जा रहा था। जैसे ही बलरामपुर चौराहे पर पहुंचा कि अचानक उधर से गुजर रहे आटोरिक्शा में नंदलाल का जैकेट फंस जाने की वजह से वह सड़क पर गिर गया। तभी पीछे से आ रहा अनियंत्रित ट्रक उसे रौंदते हुए निकल गया। स्थानीय लोगों की मदद से नंदलाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।