आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंटीजेंसी फंड में गोलमाल का आरोप लगा है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठितक कर दी है। जांच अधिकारी डीसी एनआरएलएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक से दस्तावेज मांगे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री रविशंकर तिवारी ने उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा से शिकायत की थी कि वर्ष 2012 से 2015 तक लैपटॉप व कन्या विद्याधन के तहत प्राप्त कंटीजेंसी फंड का दुरुपयोग किया गया है। अपात्र छात्र एवं छात्राओं को लैपटॉप दिए गए हैं और कन्या विद्याधन में भी कंटीजेंसी का दुरुपयोग किया गया है। एक कर्मचारी के भाई की फार्म के नाम से कई बार चेक काटे गए हैं। बोर्ड की परीक्षा में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों के पारिश्रमिक भुगतान में भी अनियमितता हुई है। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायत की जांच डीसी एनआरएलएम को सौंपी गई थी लेकिन उनका स्थानांतरण हो गया। अब नए सिरे से जांच कराई जा रही है।