लाटघाट। रौनापार थाना के चक्की गांव के पास उफनाई घाघरा में नाव पलट गई। नाव पर स्कूल जाने वाले 15 बच्चे सवार थे। अगल-बगल मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में छलांग लगा कर बच्चों की जांच बचाया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया था।
मंगलवार की सुबह साढ़े छह बजे चक्की गांव के पास नाव लगी थी। जिस पर स्कूल जाने के लिए 15 बच्चे सवार हुए। अभी नाव कुछ ही दूर गई थी कि अचानक से पलट गई। जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में किनारे मौजूद नितेश कुमार, विशाल, अभिषेक, पंकज नदी में कूद पड़े और एक-एक बच्चे को किसी तरह बाहर निकाला। कुछ बच्चे स्वयं ही तैर कर पार हो गए थे। पवन ने बताया कि बीते चार दिनों से गांव पानी से घिरा हुआ है और नाव की भी कमी है। जिसके चलते मंगलवार की सुबह नाव पर ज्यादा बच्चे सवार हो गए थे और अचानक से नाव पलट गई। नाव पर 9 वर्षीय दिव्यांशु, 4 वर्षीया ब्यूटी, 14 वर्षीया रागिनी, 13 वर्षीया मुस्कान, 15 वर्षीया सृष्टि, 16 वर्षीय विशाल, 15 वर्षीया अंकिता, 18 वर्षीय बृजेश आदि बच्चे सवार थे।