रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर स्थित शारदा सहायक नहर पुल पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा।
रौनापार के बनकटिया गांव निवासी आमोद कुमार (30) पुत्र राजपत रविवार की रात साढ़े आठ बजे सब्जी लेने के लिए बाजार आया था। सब्जी लेने के बाद वह गोरखपुर के बड़हलगंज निवासी मो. रफी के साथ बाइक से घर जा रहा था। अभी वह शारदा सहायक नहर पुल पर ही पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार आमोद और मो. रफी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। इस दौरान आमोद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि मो. रफी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने आमोद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि लाटघाट से कांखभार के बीच सड़क किनारे काफी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं जिससे अक्सर ही हादसे होते हैं।