आजमगढ़। शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ के कंपोजिट विद्यालय छपरा सुल्तानपुर में तैनात सहायक अध्यापक विजय कुमार सिंह द्वारा प्रधानाध्यापक से गाली-गलौज और अभद्रता करने के आरोप में बीएसए ने निलंबित कर दिया है। उन्हें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय हरैया से संबद्घ करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी अतरौलिया को जांच अधिकारी नामित किया है।
कंपोजिट विद्यालय छपरा सुल्तानपुर का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें एक सहायक अध्यापक द्वारा प्रधानाध्यापक से गाली गलौज की जा रही थी और उसे मारने के लिए दौड़ाया जा रहा था। इस घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने बीएसए को पत्र भेजकर सहायक अध्यापक विजय कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई होने तक विद्यालय को बंद रखने की चेतावनी दी गई थी। अध्यापकों की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए बीएसए अतुल कुमार ने मंगलवार को आरोपी अध्यापक को निलंबित करते हुए खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय हरैया से संबद्ध कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने उक्त मामले की जांच के लिए खंड शिक्षाधिकारी अतरौलिया को जांच अधिकारी नामित किया है।