शहर के असिफगंज में अखाड़े में प्रदर्शन करते कलाकार।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। नवरात्र और विजयादशमी के अवसर पर लगने वाले मेले के दौरान प्रतिवर्ष निकलने वाले अखाड़ों द्वारा शुक्रवार की रात हैरतंगेज प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद श्री जगदीश जी हनुमान दल अखाड़ा के कलाकारों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
शहर में दो प्रमुख अखाड़ों द्वारा शुक्रवार को परंपरागत ढ़ंग से निकाला गया। विजयादशमी के दिन भोर में लगभग तीन बजे दोनों अखाड़े आसिफगंज मुहल्ले के पास आमने-सामने हुए। दोनों अखाड़ों के कलाकार अपने अखाड़े को जीत दिलाने के लिए जी जान से जुट गए। दोनों अखाड़ों के आमने-सामने होते ही दर्शकों ने उत्साह के साथ जयघोष किया। कलाकारों के करतब देख दर्शक दांतों तले अंगुली दबा लिए। प्रदर्शन के दौरान प्राचीन काल के युद्धों में प्रयोग किए जाने वाले अस्त्र-शस्त्रों बाना, बनेठी, गत्ताफरी, पट्टा, सच्चा बाना, तलवार, बल्लम, गड़ासा आदि हथियारों का रणकौशल दिखाया गया। मुकाबला सुबह सात बजे बिना किसी निर्णय के समाप्त हुआ। श्री जगदीश जी हनुमान दल अखाड़ा पुरानी कोतवाली को श्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार दिया गया। दोनों ही अखाड़े के कलाकारों ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस मौके पर श्री जगदीश जी हनुमान दल के प्रबंधक विभाष सिन्हा, राजेंद्र प्रसाद, श्रीचंद्र, गौतम सेठ, पिंटू, राजेश, मुन्ना, विनायक, अजय और श्री बजरंग गोला दल अखाड़ा के मनोज गुप्ता, राधा मोहन गोयल, दीनू जायसवाल कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे।