मेंहनगर। थाना क्षेत्र के देवइत गांव के पास बुधवार की दोपहर दो बाइक पर सवार तीन बदमाश तमंचा सटाकर फाइनेंस कंपनी के एजेंट से दिन दहाड़े 48 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। एजेंट मेंहनगर कस्बे से तगादा करके लौट रहा था। दिन दहाड़े हुई लूट की घटना से महकमे में हडक़ंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मेंहनगर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
पीड़ित रामबली पुत्र ओमप्रकाश भदोही जिले के औराई थाने के तारा गांव का निवासी था। वह सिधारी मुहल्ले में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी का एजेंट है। रामबली के यहां उसके गांव का रहने वाला चंद्रशेखर आया हुआ है। बुधवार को रामबली अपनी बाइक से मेंहनगर कस्बे में तगादा करने निकला था। इस दौरान उसके साथ साथी चंद्रशेखर भी मौजूद था। यह दोनों नगर पंचायत मेंहनगर के जहांगीरनगर वार्ड में लोगों से तगादा करके 48 हजार रुपये वसूला। रुपये अपनी जेब में रखकर दोनों वहां से चल दिए। जैसे ही यह दोनों मेंहनगर थाने के देवइत गांव के पास पहुंचे कि पीछे से दो बाइक पर सवार तीन बदमाश उसे ओवरटेक कर आगे निकले और कुछ दूर आगे जाने के बाद अपनी बाइक सडक़ पर रोक दिए। मजबूरन रामबली को भी अपनी बाइक रोकनी पड़ी। जैसे ही उसकी बाइक रुकी कि बदमाश उसके कनपटी पर तमंचा सटाकर उसके पास मौजूद 48 हजार रुपये ले लिए और पुन: मेंहनगर कस्बे की ओर फरार हो गए। दिन दहाड़े लूट की सूचना से हलाकान मेंहनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। अभी तक घटना के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस बदमाशों की तलाश में इधर-उधर घूम रही है।