खाद्य सुरक्षा बिल को यूपीए सरकार की उपलब्धि बता रहे कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा है कि वो दंगा विरोधी बिल भी संसद का विशेष सत्र बुलाकर पास कराएं ताकि देश को दंगों को महफूज रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि यह बिल संसद में अटका पड़ा है। क्या कांग्रेस चाहती है कि मुसलमानों का कत्ल होता रहे? अगर कांग्रेस को सबसे कमजोर वर्ग के साथ जरा सी भी हमदर्दी है तो वह खाद्य सुरक्षा बिल की तरह ही दंगा विरोधी बिल पास करवाए।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लोकसभा के चुनावों से पहले इस बिल को संसद में पास नहीं कराती है तो दंगों में मारे गए लोगों की जिम्मेदारी उसकी होगी।
आजम खां ने राहुल गांधी को सलाह दी कि वो अधिकारियों के लिखे हुए भाषण पढ़ने की जगह अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करें। अपनी मां व अन्य वरिष्ठ कांग्रेसियों के अनुभव का लाभ उठाएं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान आजम खां ने कहा कि चुनाव आने से पहले कांग्रेस को यह बताना होगा कि उसने खाद्य सुरक्षा बिल व अन्य बिलों को पास कराने के लिए अपनी टोपी व पगड़ी विपक्ष के पैरों में डाल दी। लेकिन वह दंगा विरोधी बिल के प्रति गंभीर क्यों नहीं है?