बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला टेड़ी में छह दिन पूर्व गांव के एक युवक के साथ गई युवती के मामले में पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर सोशल मीडिया पर युवती की हत्या की खबर वायरल हो गई। परिजनों ने फोटो देखने और घटनास्थल पर पहुंचकर पुत्री का शव होने से इनकार किया है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर लोगों ने नगला टेड़ी निवासी युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की खबर वायरल कर दी। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इस मामले में बिधूना सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने गुमशुदा युवती के परिजनों को बुलाकर वायरल हो रही फोटो की शिनाख्त कराई। परिजनों ने गुमशुदा युवती का शव होने से इनकार कर दिया। तब जाकर पुलिस ने चैन की सांस ली। उधर पुलिस को फतेहपुर के बाह में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली।
जिस पर उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। परिजन शव की शिनाख्त करने फतेहपुर गए लेकिन शव पुत्री का नहीं था। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई गई है। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। पुलिस जांच करने में लगी है। उधर पीड़िता की ओर से 20 सितंबर की शाम गांव निवासी युवक पर पुत्री को तमंचे के बल पर घर से ले जाने की दी गई तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।