यमुना नदी पुल की टूटी विंग वॉल व धंसी सड़क। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। यमुना नदी पुल की लगभग एक साल से टूटी पड़ी विंग वॉल व धंसी सड़क दुरुस्त न कराए जाने से बारिश के दिनों में वाहनों के लिए कोई बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है। बावजूद इसके पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी अनदेखी करने पर आमादा है।
शहर से निकले बिलराया-पनवाड़ी मार्ग पर प्रतिदिन मौरंग, गिट्टी के अलावा सवारी वाहनों का 24 घंटे आवागमन रहता है। इस मार्ग पर औरैया क्षेत्र में यमुना नदी के पड़ने वाले पुल की विंग वॉल लगभग एक साल पहले टूट गई थी, इससे सटी सड़क भी धंस गई है।
तब जानकारी मिलने पर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने उसी दिन मौके पर पहुंचकर वहां मिट्टी भराई कराकर समस्या दूर करने का प्रयास भी किया था। लेकिन उनका यह प्रयास कुछ ही घंटे में विफल साबित हुआ। नीचे कोई रोक न होने के कारण मिट्टी नीचे ही नीचे बाहर निकल गई। जिस पर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने सेतु निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उसका निरीक्षण कराया।
निरीक्षण में नई विंग वॉल बनवाने पर ही समस्या निस्तारण की बात सामने आई। पूरा साल गुजर जाने के बाद भी पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने दोबारा इसकी सुध नहीं ली। बता दें कि सिंगल रूट होने के कारण इस मार्ग पर पड़ने वाले पुल से कइयों बार एक साथ दो वाहन क्रास होते हैं। जिससे शहर आने वाले वाहन के पहिये कइयों बार उसी धंसकी सड़क के ऊपर से होकर गुजरते हैं।
ध्यान देने की बात यह है कि अभी तक भीषण गर्मी का मौसम था। इससे धंसकने वाले स्थान पर मिट्टी ठोस बनी हुई थी पर अब बारिश का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में बारिश से धंसी सड़क की मिट्टी नीचे ही नीचे कटने की आशंका बनी हुई है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अनिल कुमार जाटव ने कहा कि एक साल पहले ही प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को भेज दिया गया था। जैसे ही प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलती है, नई विंग वॉल बनवाने का काम शुरू करा दिया जाएगा।