औरैया। पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइकें बरामद की हैं।
एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम और पुलिस लगाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर दौना की मड़ैया थाना अछल्दा निवासी जीत सिंह उर्फ कन्हैया को केशव वाटिका के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने दो साथियों विकास और अवनीश निवासी ढकपुरा थाना भरथना जिला इटावा के साथ कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
जीत ने पुलिस को बताया कि तीनों मिलकर औरैया समेत आसपास के जिलों से वाहन चोरी करते थे। बाइकों की नंबर प्लेट और हुलिया बदल देते थे। चोरी की बाइकों को वह अछल्दा में रखते थे, यहीं से कानपुर बेचने के लिए ले जाते थे। पुलिस ने जीत को जेल भेज दिया है। फरार विकास और अवनीश की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।