संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। अमृत-02 योजना के लिए दिबियापुर में तीन टंकियों का निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हुए लगभग 10 माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक दिबियापुर में चार बोरवेल के लिए जगह नहीं मिल पाई है।
जल निगम के अधिकारियों के अनुसार यदि समय पर जगह न मिली तो टंकियों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी 24 घंटे पेयजलापूर्ति का सपना अधूरा रह जाएगा। नगर पंचायत दिबियापुर के लोगों को 24 घंटे पानी मिल सके। इसके लिए मई 2023 में दिबियापुर में अमृत-02 योजना के तहत साढ़े 15 करोड़ की लागत से 2300 किलोलीटर क्षमता की तीन पानी की टंकियों का निर्माण कार्य शुरू हो गया था।
तीन ब्लाॅकों में बांटे गए दिबियापुर नगर क्षेत्र में एक पानी की टंकी कांशीराम कालोनी में, दूसरी पानी की टंकी दिबियापुर बस स्टेशन के सामने एवं तीसरी पानी की टंकी उमरी ग्राम पंचायत में मिली जमीन पर बन रही है। इस योजना के तहत लगभग 50 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार दिबियापुर में अमृत-02 योजना के तहत पानी की तीन टंकी एवं पाइप लाइन बिछाने का काम 20 माह में पूरा किया जाना है। दिबियापुर में बनने वाली पानी की टंकियों को भरने के लिए सात बोरवेल बनाए जाने हैं, लेकिन अभी तक तीन बोरवेल के लिए ही जगह मिल पाई है। जल निगम के अवर अभियंता अजय कुमार का कहना है कि तीसरी टंकी का निर्माण शुरू हो गया है।
कांशीराम कालोनी में निर्माणाधीन पानी की टंकी के लिए डोम (टंकी का ऊपरी हिस्सा) की कास्टिंग (सरिया का जाल बंधना) शुरू हो गया है। जल्द ही ढलाई शुरू हो जाएगी। बस स्टेशन के सामने एवं उमरी में बन रही पानी की टंकी का निर्माण तेजी के साथ चल रहा है। चार ट्यूबवेल के लिए अभी जगह मिलना बाकी है।
दिबियापुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विनय पांडेय के अनुसार ट्यूबवेल के लिए बची चार में से एक जगह चिन्हित कर ली गई है। जल निगम की ओर से निर्धारित पैरामीटर के अनुसार शेष तीन जगहें ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही जगहें ढूंढ़कर उपलब्ध करा दीं जाएंगी।