बिधूना(औरैया)। कस्बे के कुरपुरा मोहल्ले में सूने पड़े घर में नकब लगाकर चोरों ने नगदी और जेवरात पार कर दिए। जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
नगर के कुरपुरा मोहल्ला निवासी विक्रम सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें पुलिस को बताया कि उसके मोहल्ले में दो घर बने हुए हैं। शुक्रवार की रात वह परिवार के साथ दूसरे घर में था और एक घर सूना पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर रात में चोरों ने घर की दीवार में नकब लगाकर अंदर घुस गए और कमरे में रखे बक्से के अंदर से कीमती सामान चोरी कर ले गए।
सुबह जब दीवार पर नकब लगे होने की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचा। छानबीन के दौरान बक्से में रखे 92 हजार रुपये नगद, दो बोरा सरसों, सोने, चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी की शिकायत पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।