चिकित्सक से जानकारी लेते सांसद डॉ.रामशंकर कठेरिया। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अयाना (औरैया)। बाढ़ प्रभावित गांवों का शनिवार को इटावा सांसद रामशंकर कठेरिया ने दौरा किया। उन्होंने चौपाल लगाकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता के अनुपस्थित होने पर नाराजगी जताकर कार्रवाई के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक को फरिहा में पांच हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि 2024 तक सभी बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पट्टे दिलाए जाएंगे।
सांसद रामशंकर कठेरिया ने जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे के साथ जुुहीखा, क्योंटरा, फरिहा आदि बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। फरिहा और जुहीखा के ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के पानी से कई घर बर्बाद हो गए हैं। इस पर सांसद ने बताया कि घर बनवाने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये प्रधानमंत्री आवास के तहत मिलेंगे। जिनका मकान क्षतिग्रस्त हुआ है, उन्हें 95 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। सांसद ने एसडीएम से पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने के लिए कहा।
ग्रामीणों ने सभी बाढ़ पीड़ितों को खाद्यान्न किट न दिए जाने का आरोप लगाया। सांसद ने 50 खाद्यान्न किट और मंगवाकर वितरित करने के निर्देश दिए। जेई आरईएस शरद कुमार के अनुपस्थित होने पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख अजीतमल रजनीश पांडेय, आत्माराम, अरविंद सेंगर, श्याम किशोर चौबे, शिवम दीक्षित, एसडीएम बिधूना राशिद अली खान, तहसीलदार अभिनव वर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
बिल माफ कराने का आश्वासन
सांसद ने बाढ़ पीड़ितों का एक माह का विद्युत बिल माफ कराने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने अब तक बकाया बिल माफ करने की मांग रखी। विद्युत विभाग के जेई शिवदत्त ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत 2007 में ग्रामीणों को मुफ्त कनेक्शन दिए गए थे। तब से लेकर अभी तक कोई भी बिल जमा नहीं किया गया।