कंचौसी (औरैया)। दिबियापुर थाना क्षेत्र के बिहारीपुर और ढिकियापुर में सोमवार रात चोरों ने तीन घरों से लाखों के जेवर और नगदी पार कर दी। पुलिस ने डाग स्क्वॉड के साथ छानबीन की। टीम ने घटनास्थल से सुराग जुटाने के साथ ही जल्द खुलासे की बात कही है।
बिहारीपुर में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। गांव के सर्वेश त्रिवेदी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ घर के बाहर सो रहा था। मंगलवार सुबह उठा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। कमरे के अंदर अटैची और बक्से में रखे जेवर और 50 हजार रुपये गायब थे। पड़ोसी योगेश ने बताया कि चोरों ने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर घटना को अंजाम दिया।
चोर 30 हजार रुपये और कीमती सामान चोरी कर ले गए। वहीं ढिकियापुर निवासी सूरज नाथ ने बताया कि चोरों ने करीब दो लाख रुपये के जेवर और 25 हजार रुपये चुरा लिए। घटना की जानकारी पर दिबियापुर थानाध्यक्ष आलोक दुबे, कंचौसी चौकी इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद, डाग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।