ऐरवाकटरा। थाना क्षेत्र के नगरिया राजाराम निवासी युवक 24 मई को सड़क हादसे में घायल हो गया। घायल का सैफई में इलाज चल रहा था। मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
नगरिया राजाराम निवासी सीताराम नायक ने बताया कि उसका बेटा सर्वेश (25) विगत 24 मई को कन्नौज जिला के भाऊलपुर सौरिख मूंग की फसल में दवा डालने के लिए लेने गया था। रास्ते में उसकी बाइक बेकाबू हो गई और वह घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने सौरिख स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर परिजन उसे सैफई ले गए थे। मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी प्रीती का रो रोकर बुरा हाल है। चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और एक बेटी आंचल (छह माह) व दो वर्ष का पुत्र नायक है। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। (संवाद)