बिधूना (औरैया)। बालश्रम रोकने के लिए शनिवार को कस्बे में श्रम और शिक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान चार दुकानों में बच्चे काम करते मिले। काम बंद कराने के विरोध पर एक कबाड़ी को टीम ने पुलिस के सुपुर्द किया है।
श्रम विभाग के निरीक्षक ज्ञानेंद्र दीक्षित और बीईओ बिधूना अवनीश यादव ने ढाबा, परचून की दुकानों और होटलों में छापेमारी की। दुकानों में बच्चों को काम करते देखकर टीम ने दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी।
काम बंद कराकर बच्चों को घर भेजा। इसके बाद टीम कबाड़ की दुकान पर पहुंची। यहां कबाड़ी ने बच्चों से काम बंद कराने का विरोध किया तो टीम ने पुलिस बुलाकर उसे थाने भिजवा दिया। श्रम विभाग के निरीक्षक ज्ञानेंद्र दीक्षित ने बताया कि बालश्रम पर पूरी तरह रोक है। किसी भी दुकानदार व संस्थान द्वारा ऐसा करते पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को स्कूल भेजने का अभियान चलाया जा रहा है। ताकि वह पढ़ लिखकर आगे बढ़ सकें।