रुरुगंज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर के पास रुरुगंज रोड पर रविवार सुबह बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया।
घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार मृतक का भाई भी चोटिल हो गया। हादसा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस एक्शन मोड पर आई। रुरुगंज चौकी पुलिस ने डंपर का पीछा करते हुए पकड़ लिया।
एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव नगला वैश्य निवासी देवेंद्र शर्मा (21) भाई उमेश कुमार के साथ रविवार सुबह किसी काम से औरैया अपने मामा के यहां जा रहा था। बाइक से औरैया जाते समय दोनों कुदरकोट-रुरुगंज मार्ग पर मुरादपुर गांव के पास पहुंचे, तभी मौरंग लदे एक डंपर ने उन्हें रौंद दिया। घटनास्थल पर ही देवेंद्र की मौत हो गई। वहीं, बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उमेश के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।सूचना पर परिजन भी पहुंच गए।
उधर, घटना की सूचना पर पुलिस हरकत में आई। रुरुगंज चौकी पुलिस ने डंपर का पीछा करते हुए पकड़ लिया। सूचना पर सीओ अशोक कुमार समेत कुदरकोट थानाध्यक्ष पूजा सोलंकी मौके पर पहुंचीं। रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ अशोक कुमार ने बताया कि डंपर की टक्कर से बाइक सवार एक भाई की मौत हो गई है। दूसरा घायल है। उसका उपचार कराया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डंपर को पकड़ लिया गया है।