अजीतमल (औरैया)। अनंतराम टोल प्लाजा के पास अस्थायी दुकानें हटाने पहुंची पेट्रोलिंग टीम पर दुकानदार हमलावर हो गए। पेट्रोलिंग अफसर ने मारपीट करने, काम में बाधा डालने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हाईवे की ओर से अधिग्रहीत भूमि पर टोल प्लाजा के पास कुछ लोगों ने अस्थायी दुकानें लगाकर अतिक्रमण कर रखा है। इसको लेकर टोल प्रबंधन ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तभी दुकानदार निधिराज निवासी केशव का पुरवा ने गालियां दी और मारपीट करने लगा। इस पर पेट्रोलिंग अफसर जितेंद्र वर्मा ने अन्य कर्मियों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे टोल कर्मियों को दुकानदार के साथ अन्य दुकानदारों ने अभद्रता शुरू कर दी। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस को पेट्रोलिंग मैनेजर ने बताया कि दुकानदार फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। दुकानदारों के अतिक्रमण से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप ने बताया कि तहरीर में कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
टोल प्लाजा के आसपास अस्थायी अतिक्रमण हटाने को लेकर एनएचएआई की ओर से डीएम सुनील कुमार वर्मा, एसपी अपर्णा गौतम को पत्र लिखा है। टोल प्लाजा अनंतराम डीजीएम सत्यवीर यादव ने बताया कि टोल प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिये जा चुके हैं। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण हटाने के बजाए टीम से अभद्रता और मारपीट कर रहे हैं।