दिबियापुर (औरैया)। केंद्रीय विद्यालय की दिव्यांग छात्रा रितु सिंह ने सृजनात्मक वैज्ञानिक नवाचार के क्षेत्र में बाजी मारकर राष्ट्रीय बाल श्री पुरस्कार जीता है। सोमवार को रितु को यह पुरस्कार कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह ने प्रदान किया।
जिला विज्ञान क्लब औरैया के समन्वयक मनीष कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में राष्ट्रीय बाल श्री पुरस्कार के लिए बच्चों के ऑडिशन हुए थे। इनमें जनपद के सातों विकास खंडों से 3000 से अधिक बच्चों ने सृजनात्मक कौशल के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन किया था। चयनित बच्चों ने जनपद स्तर पर प्रतिभाग किया व चयनित होकर राज्य स्तर पर पहुंचे। उनमें से कुल तीन बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने बाल भवन नई दिल्ली गए थे। प्रतिभागी बच्चों में औरैया के केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्रा रितु सिंह ने सृजनात्मक वैज्ञानिक नवाचार के क्षेत्र में बाजी मारी और राष्ट्रीय बाल श्री पुरस्कार जीता था।
उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार महामहिम राष्ट्रपति महोदय द्वारा प्रदान किया जाता रहा है। कोरोना एवं अन्य कारणों से सम्मान समारोह टलता गया। सोमवार को कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने छात्रा रितु सिंह को प्रमाण पत्र, प्रतीक चिह्न, किसान विकास पत्र और पुस्तकें भेंटकर सम्मानित किया। केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या स्नेहलता ने छात्रा को बधाई दी। सुबोध कुमार, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।