अजीतमल। कोतवली क्षेत्र के कस्बा मुरादगंज में जिला पंचायत इंटर कॉलेज के सामने स्थित दुकानों को तीन जनवरी की देर रात जेसीबी से तोड़ दिया गया था। इस मामले में पीड़ित ने एसपी को अजी देकर न्याय की गुहार लगाई। तब एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने घटना के 12 दिन बाद छह नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
अजीतमल के सेगनपुठ्ठा गांव निवासी शैलेंद्र कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि जिला पंचायत इंटर कॉलेज के सामने एक दुकान है, जो गाटा संख्या 48 पर बनी है। उसकी दुकान से लगी और दुकान भी है, जिसमें दो दुकान सुशील कुमार और एक-एक दुकान अमित कुमार व ज्ञान सिंह की है। मुरादगंज निवासी आलोक उर्फ मोनू अवस्थी का दुकानों के पीछे हाता है। यह बाउंड्रीवाल युक्त है, लेकिन आलोक और उनके परिजन बाउंड्रीवाल को तोड़कर दुकानों को अपने कब्जे में लेना चाहते है।
इसे लेकर मुकदमा न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन ) में विचाराधीन है। तीन जनवरी की देर रात करीब ढ़ाई बजे पड़ोसी दुकानदार सुशील कुमार ने बताया कि दुकान पर आलोक उर्फ मोनू अवस्थी, उनकी बहन पूनम, पूनम का पति निपेंद्र, आलोक काससुर मकसूदन बंदूकों से लैस होकर आए है। उनके साथ जेसीबी मशीन है, जो दुकानों को तोड़ रही है। सुशील के साथ जाकर उन्होंने देखा तो करीब दस लोग जेसीबी से दुकानों को तोड़ कर सामान क्षतिग्रस्त कर रहे है।
इसमें शैलेंद्र की मोबाइल की, पड़ोस की पत्तल दोना, जनरल स्टोर व टेलर की दुकान को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इस वजह से करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदार ने कोतवाली पुलिस को अर्जी दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। तब वह एसपी अभिषेक वर्मा से मिले और अर्जी देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने कोतवाली प्रभारी को रिपोर्ट दर्जकर जांच के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुरादगंज निवासी आलोक उर्फ मोनू अवस्थी, अजीतमल निवासी बहन पूनम व उसके पति निपेंद्र , मुरादगंज निवासी ससुर मकसूदन शुक्ल, संजय, रिंकू समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।