फफूंद (औरेया)। थाना क्षेत्र के डिल्हा सल्हूपुर में शादी के 11 साल बाद कोई संतान न होने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी सीता देवी ने मंगलवार को फफूंद थाने में तहरीर देकर बताया कि पिता गेंदालाल ने उसकी शादी 2011 में डिल्हा सल्हूपुर निवासी औसान सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ साल बाद संतान न होने की वजह से पति व ससुरालीजन आए दिन प्रताड़ित व मारपीट करते थे।
आरोप है कि 21 फरवरी को पति औसान सिंह, ससुर राम अवतार, जेठानी रूबी, देवर अजय ने लात-घूसों से मारपीट कर जीने से फेंक दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।