सहायल (औरैया)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चार वर्षीय मासूम के साथ गांव के किशोर ने दुष्कर्म किया। मासूम खून से लथपथ मंदिर के पास पड़ी मिली। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में 50 शय्या जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलवार को सहायल थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम नानी के साथ मंदिर में पूजा करने गई थी। इस दौरान वह मंदिर से नीचे आ गई। तभी वहा मौजूद किशोर उसे दबोचकर झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी खून से लथपथ बच्ची को मंदिर के पास छोड़कर भाग गया। मासूम की हालत देख नानी ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। बच्ची को लहूलुहान हालत में 50 शय्या अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी होते ही एसपी अपर्णा गौतम ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि आरोपी नाबालिग को पुलिस ने चिह्नित किया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।