दिबियापुर (औरैया)। भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने बेमौसम बारिश से क्षति हुई फसल के मुआवजा के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने डीएपी खाद में हो रही धांधली को रोके जाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर हंगामा व प्रदर्शन भी किया।
भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत के नेतृत्व में मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे पदाधिकारियों व किसानों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अक्तूबर माह में हुई बेमौसम बारिश के कारण किसानों की धान, आलू, बाजरा, सरसों की फसलें चौपट हो गईं हैं। अभी तक किसानों को कोई मदद मुहैया नहीं कराई गई है। डीएपी की बिक्री में हो रही धांधली के कारण 12 सौ रुपये मूल्य की खाद की बोरी 16 सौ रुपये तक में किसानों को मिल रही है। मांग की कि डीएपी बिक्री में हो रही धांधली को सख्ती के साथ रोका जाए।
इसके साथ ही राजस्व कर्मियों से सर्वे कराके किसानों को फसल में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए। किसानों ने जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर सुरेश चंद्र राजपूत, अरविंद सिंह तोमर, तारा सिंह यादव, मोहित राजपूत, अभिषेक कुमार, विमलेश कुमार, महादेव, नरेंद्र पाल, ग्रीश चंद्र, रविंद्र कुमार आदि रहे।