औरैया। सपा छात्र सभा के पदाधिकारियों ने सोमवार को सदर तहसील में प्रदर्शन कर छात्रों की फीस माफी व छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की। बाद में एसडीएम सदर को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि छात्राओं की समस्याओं को जल्द निस्तारित न किया गया तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।
सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राजा तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। एसडीएम सदर रमेश चंद्र यादव को छात्रों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने शीघ्र समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया।
जिलाध्यक्ष राजा तिवारी ने बताया कि कोरोना काल में गरीब निर्धन बच्चों के साथ स्कूल वालों ने जो किया, वह सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि जो दलित छात्र हैं उनसे भी फीस ले ली गई। जबकि उनको सरकार के आदेश पर निशुल्क शिक्षा का आदेश है।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि जो पिछड़ा वर्ग से संबंधित बच्चे हैं उनको छात्रवृत्ति से वंचित रहना पड़ा। यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो सपा छात्र सभा धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर भूपेंद्र प्रजापति, राहुल सोनी, आशीष यादव, अंकित यादव, आर्यन मिश्रा, हिमांशु पाल, सरवीर कठेरिया, असिफ अली, अमन सविता व सफीक अली आदि मौजूद रहे।