कंचौसी (औरैया)। चौकी क्षेत्र अंतर्गत गांव कंचौसी में रविवार रात चोरों ने चार घरों में धावा बोलकर फीस और बिल जमा करने के लिए रखे रुपये और लाखों के जेवर चोरी कर लिए। रेकी के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस जांच में जुटी है।
कंचौसी गांव निवासी दुर्गेश दोहरे ने बताया कि रविवार रात वह घर की छत पर था। सोमवार सुबह उठा तो घर का सामान बिखरा और बक्सा टूटा मिला। उसमें रखे 27 हजार रुपये, जेवर और खेती के कागजात गायब थे। गांव के सुभाष चंद्र ने बताया है कि वह रात में घर के बाहर सोया था। चोरों ने पुत्र की फीस के लिए रखे 35 हजार रुपये चुरा लिए।
वेदप्रकाश ने बताया कि अलमारी का ताला तोड़कर चोर बिजली का बिल जमा करने के लिए रखे 38 हजार रुपये और जेवर पार कर ले गए। गांव के इस्लाख खां के घर से चोरों ने 800 रुपये और जेवर चुरा लिए। एक रात में चार घरों में चोरी होने से गांव के लोगों में दहशत है। पीड़ितों ने रेकी करने के बाद घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। चौकी प्रभारी चंदिका प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जल्द खुलासा किया जाएगा।
कंसौची गांव में एक साथ चार घरों में चोरी होने से ग्रामीणों में रोष है। वहीं पूर्व में हुई घटनाओं का खुलासा भी पुलिस नहीं कर सकी है। गांव से सटे बिहारीपुर व ढिकियापुर में हुई लाखों की चोरी के खुलासे का इंतजार है।