औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय बाइकर्स गैंग का पता लगा पाने में पुलिस नाकाम है। इससे बदमाशों के हौसले बढ़े हैं और आम लोग दहशत में हैं।
आठ फरवरी को बाइकर्स गैंग जालौन चौराहे पर आनेपुर निवासी अमर सिंह को नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ बैठा ले गया था। रास्ते में उसकी जेब काटकर जेवर निकाले और उसे थोड़ी देर बाद वहीं जालौन चौराहे पर छोड़कर भाग गए थे। 12 फरवरी को बाइकर्स गैंग ने दिबियापुर रोड पर दिन में गोविंद नगर मोहल्ला निवासी वृद्धा
राममूर्ति (65) को नशीला रुमाल सुंघाकर कानों के बाले व गले से मटरमाला उतार ले गए थे। इन दोनों घटनाओं में पुलिस अभी तक आरोपियों का पता नहीं लगा सकी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव का कहना है कि बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।