औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेश्वर में महिला का शव लटका मिलने के मामले में एससी-एसटी आयोग की टीम के निर्देश के बाद पुलिस ने पिता-पुत्र समत तीन लोगों के खिलाफ हत्या व एससी-एसटी का मामला दर्ज किया है।
मोहल्ला नई बस्ती आनेपुर रोड सत्तेश्वर निवासी राममूरत कोरी ने कोतवाली पुलिस को 28 अगस्त को तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि रंजिश के कारण गढैया मोहल्ला निवासी केशव दत्त त्रिपाठी व उनके पुत्र शिवजी अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर 24 अगस्त की रात लगभग साढ़े आठ बजे उसकी पत्नी सपना (25) से समझौते की बात करने आए थे। इस दौरान घर में उनके रिश्तेदार जहारवीर व उनकी पत्नी आराधना मौजूद थे। रात लगभग 11.25 बजे जब रिश्तेदार छत से नीचे उतरे तो देखा कि सपना फांसी के फंदे पर लटकी थी।
उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पत्नी के साथ लगभग दो साल पहले भी केशवदत्त, अनुराग आदि ने मारपीट की थी। उसकी मां के अपहरण के मामले में केशवदत्त व उनका लड़का शिवजी सपना से रंजिश मानते थे। केशवदत्त भू माफिया होने की वजह से उसके मकान पर कब्जा करना चाहता था। इस मामले में पुलिस जांच में जुटी थी।
मामले को लेकर पीड़ित ने एससी-एसटी आयोग में भी शिकायत की थी। मंगलवार दोपहर आयोग की टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर पुलिस को आवश्यक दिशानिर्देश दिए थे। मंगलवार देर शाम कोतवाली पुलिस ने दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या, एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि मामले कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।