बिधूना। भारतीय जनता पार्टी की राज्यसभा सदस्य व महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायत पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है। नाराजगी जताते हुए कि आपकी बहुत शिकायतें हैं, सुधार कर लीजिएगा।
मंगलवार को पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस में जनसुनवाई शिविर चौपाल लगाकर सांसद ने जनता की 100 से अधिक शिकायत सुनीं। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों को उनके निराकरण का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर खासी नाराजगी जताई। कहा कि आपकी बहुत शिकायतें हैं, सुधार कर लीजिएगा।
सांसद ने विधवा, वृद्धा व दिव्यांग जनों की समस्याओं के समाधान के लिए भी हर माह ब्लाॅक स्तर पर शिविर लगाने की बात कही। कहा कि जहां केवाईसी की समस्या है उसका समाधान किया जाए। शिविर में ही दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र बनें। जिससे उन्हें जिला मुख्यालय तक न जाने पड़े।
भाजपा के जिला प्रभारी आनंद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख बिधूना प्रतिनिधि आदर्श सिंह सेंगर, ब्लाॅक प्रमुख अछल्दा शरद सिंह राना, विनायक राव शाक्य, मंडल महामंत्री सहायल श्याम सिंह, सतेंद्र सिंह गौतम, हरगोविंद सिंह कुशवाहा के साथ तहसील स्तर के अधिकारियों में एसडीएम निखिल राजपूत, तहसीलदार अविनाश कुमार, सीओ बिधूना भरत पासवान, जेई विद्युत रवि रस्तोगी, पूर्ति निरीक्षक आदि रहे।
सरकार की योजना का धरातल पर नहीं हो रहा प्रचार
शिविर में सांसद ने कहा कि मैं देख रही हूं कि सरकार की जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, संबंधित विभाग की ओर से उनका धरातल पर कोई प्रचार-प्रसार नहीं हो रहा है। यह होना चाहिए ताकि लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में पता चल सके। राज्यसभा सांसद ने अधिकारियों से कहा कि हम दोनों का लक्ष्य शासन की मंशानुरूप काम करना है। लोगों की जो समस्याएं है उनका समाधान हो।
बिजली के छोटे चोर को दें चेतावनी, मुकदमा नहीं
सांसद ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि जो बिजली के खेतों में पंप लगाकर सिंचाई कर रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। एक बल्ब या पंखा चलाने वालों पर मुकदमा लिखवाया जा रहा है। वह लोग ध्यान दें कि बड़े बिजली चोरों पर कार्रवाई करें, छोटे एक बल्ब वालों को चेतावनी दें, मुकदमा न लिखवाएं।