दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन से गुजरे डेडिकेटेड फ्रेट कारीडोर (डीएफसी) के किनारे बने अवैध गेट से लोग ट्रैक पार कर रहे हैं। गेट के पास घुमावदार ट्रैक होने से मालगाड़ी नहीं दिखती हैं। इसके कारण हादसे का डर बना हुआ है।
पिछले साल दिसंबर में न्यू खुर्जा से न्यू भाऊपुर के बीच देश के पहले फ्रेट कारीडोर पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू हुआ था। इस पर प्रतिदिन 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मालगाड़ियां तेज गति से गुजरतीं हैं। फफूंद रेलवे स्टेशन पर फ्रेट कारीडोर के किनारे फेंसिंग पर अवैध रूप से बनाए गए दरवाजे से लोग ट्रैक पार करते हैं। ये हादसे का सबब बन सकता है।
पूर्व में भी यहां मालगाड़ी न देख पाने के कारण कई हादसे हो चुके हैं। यात्रियों ने मांग की कि जल्द फेंसिंग किनारे बने दरवाजों को बंद किया जाए। इस संबंध में रेल प्रशासन का कहना है कि आरपीएफ फफूंद ने पिछले दिनों रेलवे लाइन पार करने वाले दर्जनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। अवैध रूप से लाइन पार करने वालों को जागरूक करने के लिए अभियान भी जारी है। सिविल पुलिस को भी सहयोग एवं विधिक कार्यवाई के लिए अवगत कराया गया है।