औरैया। कोरोना संक्रमण के बदले स्वरूप ओमिक्रॉन को लेकर जिले में सख्ती बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी समितियों को सक्रिय किया है। वहीं, लोगों से अपील की जा रही है कि कहीं पर भी विदेशी इलाज कराते दिखें तो इसकी सूचना विभाग को दें। बिना बताए इलाज कराने और बीमारी छिपाने वालों पर प्रशासन सख्त है। अब तक जिले में आए 17 विदेशियों की निगरानी की जा रही है।
विदेश से आने वाले लोगों से ओमिक्रॉन का खतरा है। इसको लेकर पासपोर्ट ट्रैकिंग शुरू है। निगरानी समितियों को सक्रिय किया जा रहा है। बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन पर चौकसी बरती जा रही है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के लोगों को बीमारी के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अगर विदेश से आने वाले नागरिक के बारे में जानकारी मिले।
वह इलाज करते या बीमार दिखें तो इसकी जानकारी कोविड कंट्रोल रूप या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दें। जिससे समय रहते जांच की जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 17 लोग विदेश से आए हैं। जिनकी निगरानी स्वास्थ्य टीमें कर रही हैं। चार लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराई गई थी, रिपोर्ट निगेटिव आई है।
आज लगेगा कोरोना टीके का कैंप
इस समय स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण पर जोर दे रहा है। रविवार को जिले में विशेष कैंप लगेगा। संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल के कारण सीएमओ ने विभागीय कर्मियोें, अधिकारियों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। सीएमओ ने बताया कि रविवार को अवकाश होने के बाद भी किसी भी कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी गई है। सभी की टीकाकरण में ड्यूटी लगाई गई है। गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्क्रब टाइफस का लेकर अलर्ट
जिले में दो माह से बुखार का प्रकोप है। दो सैकड़ा से अधिक डेंगू के मरीज मिले हैं। बुखार के मरीजों में स्क्रब टाइफस के लक्षण पाए जाने व पड़ोसी जिले में कुछ मरीज मिलने के बाद जिले में अलर्ट है। सीएमओ ने बताया कि जिले में डेंगू के मरीज हैं, लेकिन अभी तक किसी भी मरीज में स्क्रब टाइफस के लक्षण नहीं मिले हैं।