फोटो-30एयूआरपी-09- बिजली जाने के बाद अंधेर में बैठे कर्मी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। गर्मी के बीच शहर के 50 शैया अस्पताल में बुधवार की दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब बिजली गुल हो गई। इस बीच किसी ने जनरेटर चालू नहीं किया। जिससे आधे घंटे तक मरीज और स्वास्थ्य कर्मी परेशान रहे। सबसे ज्यादा परेशानी जांच के लिए पहुंचे मरीजों को हुई।
बिना बिजली के जांच व्यवस्था ठप हो गई। तीमारदारों ने जब सीएमएस को समस्या बताई, तब जाकर जेनरेटर चालू हो सका। दोपहर बाद बिजली जाते ही अस्पताल में एक्स-रे व जांच का काम बंद हो गया। सुबह से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे मरीज व तीमारदार कर्मियों से मिन्नते करते रहे, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
इधर कुछ कर्मी अंधेरे में कमरे में बैठे नजर आए तो कुछ बाहर निकल गए। करीब 10 से 15 मिनट के इंतजार के बाद मरीज भी तकलीफ व गर्मी से बेहाल होने लगे। इस पर कुछ गुस्साए तीमारदार सीएमएस के पास जा पहुंचे। इसके बाद करीब आधे घंटे के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
तब जाकर जांच व रिपोर्ट बनाने का काम शुरू हो सका। सीएमएस डॉ. राजेश मोहन गुप्ता ने बताया कि बिजली जाते ही जनरेटर चालू किया जाता है, इनवर्टर भी लगे है। बिजली जाने से कोई काम प्रभावित नहीं हुआ, जनरेटर चालू करा कर समय से जांच व एक्सरे किए गए हैं।