औरैया। पांच वर्षीय बालक समेत डेंगू के दो मरीज और मिले हैं। वहीं संक्रमण को काबू करने के लिए तीन गांवों में रविवार को स्वास्थ्य टीमें पहुंची। जहां 138 मरीजों का उपचार किया गया। 34 मरीजों में डेंगू के लक्षण मिलने पर एलाइजा के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि सदर ब्लॉक के भीखमपुर गांव में पांच वर्षीय बालक और शहर के मोहल्ला बनारसीदास में 26 वर्षीय युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया कि जिले में अब कुल डेंगू मरीजों की संख्या 183 जा पहुंची है। जिसमें सक्रिय केसों की संख्या 82 है। अब तक डेंगू संक्रमण की चपेट में आए एक बालक की मृत्यु हुई है।
बताया कि संक्रमण को नियंत्रण में करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत 19189 लोगों को बुखार से पीड़ित पाया गया है। इस दौरान मलेरिया के 47 रोगी भी मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि डेंगू संक्रमण और कोरोना का खतरा अभी टला नहीं हैं। संक्रमण को लेकर लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत हैं। संक्रमण से बचने के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि बुखार से पीड़ित मरीजों की जानकारी मिलने पर रविवार को करघरा, जैतापुर समेत तीन गांवों में स्वास्थ्य टीमें पहुंचीं। जहां टीमों ने 138 मरीजों का उपचार कर उन्हें दवाएं दीं। यही नहीं इस दौरान बीमारियों से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया। गांव पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर लार्वा की जांच की। लार्वा मिलने पर सफाई कराई। डेंगू संक्रमित मरीजों वाले गांवों में डीडीटी और लार्वा स्प्रे का छिड़काव किया जा रहा है।