बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बड़ौदा यूपी बैंक शाखा मल्हौसी के मैनेजर पर शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
पूरे मामले में थाना कोतवाली से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुनवाई न होने का हवाला देते हुए पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक से गुहार लगाई है। जहां से जारी हुए आदेश के बाद बैंक मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़िता की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया गया कि साल 2021 में वह बड़ौदा यूपी बैंक में खाता खुलवाने गई थीं। जहां कागजात से बैंक के मैनेजर मनोज कुमार मीणा ने उनका मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया। इसके बाद वो फोन पर बातचीत करने लगे। दिसंबर 2022 को मनोज ने उसे अपने निवास स्थान जवाहर नगर लेखपाल कालोनी बिधूना में बुलाया। जहां होटल पर खाने-पीने की बात कहते हुए उसे ले गए। खाने-पीने के दौरान नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर पीड़िता ने करतूत के बारे में पूछा तो शादी का झांसा देकर मामले को दबा दिया।
बेहोशी के दौरान मनोज ने उसकी अश्लील वीडियो व फोटो भी खींच ली थी, जिसकी बिनाह पर वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। दो वर्ष तक लगातार दुष्कर्म करने के बाद छह मई 2024 को पीड़िता ने मनोज से शादी करने की बात कही। इस पर आरोपी ने उससे गाली गलौज कर दी। तीन अन्य लोग राजेश कुमार, भरत कुमार व रोहित कुमार ने भी उसे धमकाया।
उसके बाद पीड़िता ने कोतवाली का रुख किया। कोई सुनवाई न होने पर एसपी कार्यालय पहुंचीं। न्याय की आस पूरी न होती देख पीड़िता ने पुलिस महानिरीक्षक से गुहार लगाई। जहां से जारी हुए आदेश के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। बिधूना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना करते हुए मामले की जांच की जाएगी।