औरैया। बिजली विभाग की मनमानी के कारण शहर के कांशीराम कालोनी के लोग परेशान हैं। हाल ये है कि मजदूरी करने वालों और दो से तीन सौ रुपये दिहाड़ी वालों को लाखों का बिल एक साथ भेज दिया गया। बिल न देने पर इनके कनेक्शन भी काट दिए गए। लोगों का कहना है कि लाखों का बिल वह जमा नहीं कर सकते। विभाग ही इसका समाधान निकाले।
कांशीराम कालोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि बसपा शासन में उन्हें निशुल्क कनेक्शन दिया गया था। तबसे आज तक कोई बिल नहीं भेजा गया और अब लाखों के बिल थमा दिए गए हैं। कालोनी में मजदूर, दिव्यांग, चौका र्बतन करने वाले रहते हैं। वह किसी तरह गुजारा कर रहे हैं। अधिक बिल आने पर बिजली विभाग से समाधान की मांग की गई, लेकिन विभाग ने उनकी बिजली काट दी। सैकड़ों लोग गर्मी और अंधेरे में रह रहे हैं।
लोगों ने बताई समस्या
मजदूरी करने वाले अजय निषाद का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से नियमित बिल दिया जाना चाहिए था। एक लाख रुपये का बिल एक साथ थमा दिया। मजदूरी करते हैं, कहां से जमा करेंगे। बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया। एक माह से पूरा परिवार भीषण गर्मी में मच्छरों के साए में रात गुजारने पर मजबूर हैं।
अनीता ने बताया कि दूसरों के घरों में चौका-बरतन करके किसी तरह गुजर बसर कर रहीं हैं। एक माह पहले बिजली विभाग ने बकाया बिल जमा न करने पर कनेक्शन काट दिया था। अंधेरे में मोमबत्ती जलाकर काम चला रहीं हैं। छोटा बच्चा है। भीषण गर्मी में बहुत परेशानी हो रही है। कनेक्शन जोड़ने के नाम पर अधिकारी एक साथ 10-10 हजार रुपये जमा करने के लिए कह रहे हैं। महीने के 700 रुपये कमाते हैं। कहां से इतने रुपये जमा कर पाएंगे।
मास्टर बाबू का कहना है कि उनके बच्चे कमा रहे हैं। जिससे वह समय पर बिजली का बिल जमा कर देते हैं। लेकिन एक माह पहले बिजली अधिकारियों ने बकायेदारों के साथ उनका भी कनेक्शन काट दिया। जबकि उन पर कोई बकाया भी नहीं है। बिल देने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी परेशान कर रहे हैं।
मजदूरी करने वाले नसीम कहते हैं कि मायावती सरकार में कालोनी में बिजली लगी थी तब बताया गया था कि दो सौ रुपये बिजली का बिल लगेगा। लेकिन उस समय भी कोई बिल नहीं भेजा गया। इसके बाद प्रदेश में सपा सरकार भी आकर चली गई बिजली विभाग ने न तो बिल भेजे और न ही बिजली काटी। अब बिजली विभाग ने एक साथ दो-दो लाख रुपये के बिल भेज दिए। अंधेरे में रहने पर मजबूर हैं।
ऊषा देवी ने बताया कि पति का कई साल पहले निधन हो चुका है। उनका कोई सहारा नहीं है। घर-घर जाकर पूड़ियां बेलकर दो सौ ढाई सौ रुपये कमा पाती हैं। खाने के लाले हैं। बिजली विभाग ने तीन लाख रुपये का बिल भेज दिया। जब से कनेक्शन दिए थे तब से लेने नहीं आए अब अचानक से पूरा बिल भरने के लिए कह रहे हैं। कहां से भरें।
कांशीराम कालोनी निवासी दिव्यांग मीरा देवी का कहना है कि बिजली विभाग ने एक साल से बिजली काट रखी है। उसे दिखाई नहीं देता है। कहीं जा भी नहीं पातीं हैं। कमाई का भी कोई साधन नहीं है। कहां से बिल जमा करें।
थोड़ा-थोड़ा बिल जमा करें तो उपभोक्ताओं के कनेक्शन जुड़वा दिए जाएंगे। बहुत बड़ी राशि है। उच्चाधिकारियों की ओर से जमा कराने के आदेश हैं। किसी को परेशान करने का उद्देश्य नहीं है। - संतोष कुमार, अधिशासी अधिकारी