औरैया। सहार ब्लाक की ग्राम पंचायत कंचौसी का डीपीआरओ ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 675 शौचालयों में मात्र दो सैकड़ा शौचालयों का निर्माण होने पर कड़ी नाराजगी जताई। एक दर्जन शौचालय का उपयोग न होने और शौचालय निर्माण की प्रगति धीमी होने पर पंचायत सचिव की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। जबकि एडीओ पंचायत व ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
गुरुवार को डीपीआरओ के.के. अवस्थी ने ग्राम पंचायत कंचौसी के औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने गांव में सफाई कर्मियों के न आने तथा सफाई कार्य में रुचि न लेने की शिकायत की। इस डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत व प्रधान को रोस्टर के हिसाब से सफाई कराने के निर्देश दिए। सफाई कर्मियों को कार्य शैली में सुधार लाने की चेतावनी दी। गांव में भ्रमण के दौरान एक दर्जन से अधिक शौचालय का निर्माण का काम पूरा मिला, लेकिन इनके उपयोग करने के बजाए लाभार्थियों का सामान इनमें रखा मिला। इस पर उन्होंने लाभार्थियों को चेताया कि वह हरहाल में शौचालयों का उपयोग करें। अन्यथा की स्थिति में रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया। निरीक्षण के दौरान प्रधानपति प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव में दो सैकड़ा शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है। जबकि लगभग छह माह पहले 675 शौचालयों का पैसा ग्राम पंचायत निधि में भेजा जा चुका है। इस पर डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत व प्रधान की जमकर क्लास लगाई। वहीं पंचायत सचिव का एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।