थाने में घटना की जानकारी देता साथी विजय
- फोटो : अमर उजाला
फफूंद-दिबियापुर मार्ग पर हरीराम महाविद्यालय के पास गुरुवार रात शादी समारोह से वापस आ रहे बाइक पर सवार दो युवकों को बदमाशों ने बाइक पर रस्सी फेंक गिरा दिया। इसके बाद अपहर्ता एक युवक का अपहरण कर फरार हो गये।
थाना क्षेत्र के ग्राम गमनामऊ निवासी विजय सिंह पुत्र बाबूराम व आनंद कुमार पुत्र मुंशीलाल गुुरुवार शाम बाइक से दिबियापुर काकू गेस्ट हाउस में एक शादी समारोह में गये थे। रात लगभग 3:30 बजे दोनों युवक अपने घर बाइक से वापस आ रहे थे। हरीराम महाविद्यालय के आगे पहले से घात लगाये बैठे बदमाशों ने पास आते ही बाइक पर डंडा में लगी रस्सी फेंक दी। इससे दोनों बाइक सवार युवक गिर पडे़। बाइक गिरने से आनंद कुमार उसमें दब गया और विजय सिंह मौका पाकर भाग निकला।
विजय सिंह ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस घटना स्थल पर पहुंची तब तक बदमाश आनंद कुमार का अपहरण कर फरार हो गये। थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहत युवक के परिजनों ने तहरीर दी है। अपहरण का मामला दर्ज कर अपहत युवक की छानबीन के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गयी है। शीघ्र ही युवक को अपहर्ताओं से मुक्त कराया लिया जाऐगा।