पुलिस की गिरफ्त में आरोपी और मिले चारों बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के स्टेशन बाजार में घर के बाहर खेल चार बच्चों को एक शराबी फुसलाकर साइकिल में बिठाकर ले गया। परिजनों को पता चला तो हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। तलाश करने पर शराबी बच्चों समेत कानपुर देहात के परजनी में मिला। ग्रामीणों ने उसको पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। सब्जी मंडी निवासी बूली सक्सेना के घर के बाहर उनके बच्चे हर्षित (8), कृष्णा (3), हिमांशी (6) और उनके साले का लड़का प्रांशू (12) खेल रहे थे।
इसी बीच वहां से भीम पुत्र रामचंद्र कुरील शराब के नशे में आया। वहीं पास से किसी की साइकिल उठाई और बच्चों को गन्ना व बेर दिलाने के बहाने साइकिल पर बैठाकर चला गया। परिजनों ने बच्चे घर के बाहर नही दिखे तो हड़कंप मच गया। आस पास पता नही चला तो पुलिस को सूचना दी। किसी ने बताया कि एक युवक साइकिल से कुछ बच्चों को कानपुर देहात की तरफ ले गया है। मनीष बाथम व अन्य लोगों ने तलाश करते हुए परजनी के पास युवक को बच्चों सहित दबोच लिया। कस्बे में लाकर लोगों ने आरोपी की धुनाई की। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
परिजनों ने युवक पर अपहरण करने का आरोप लगाया। पुलिस आरोपी को थाना दिबियापुर ले गई। चौकी इंचार्ज एसपी सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने बताया कि आरोपी कई मामलों में जेल जा चुका है।