औरैया। दिबियापुर से कोचिंग पढ़कर घर आ रहे बाइक सवार छात्र से एक सड़क पर एक युवक ने लिफ्ट मांगी। छात्र ने उसे बाइक पर पीछे बैठा लिया। लिफ्ट लेने वाले युवक ने बाइक चला रहे छात्र के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जला डालने का प्रयास किया। इसी बीच पेट्रोल की महक आते ही छात्र ने बाइक सड़क पर ही खड़ी कर दी। पीछे बैठे युवक की मंशा भांपकर छात्र बाइक छोड़कर भाग निकला। इस, बीच ये सब देख रहे ग्रामीणों ने आरोपी को ये सब करते देख लिया और उसे दबोच लिया। इसके बाद उसकी जमकर धुनाई की। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों से छुड़ाकर सीएचसी पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया गया। हालांकि आरोपी ने ये सब क्यों किया, इसका खुलासा उसके होश में आने पर ही हो सकेगा।
दिबियापुर कोतवाली के गांव गांव जोरनपुर्वा निवासी सौखीलाल राजपूत का पुत्र सोनू (18) बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। वो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। इसके लिए दिबियापुर कोचिंग पढ़ने आता है। सोमवार को भी रोज की तरह वो कोचिंग पढ़कर दिबियापुर से अपने घर बाइक से जा रहा था। तभी रास्ते में वीजीएम के पास बिधूना कोतवाली के सर्वोदय नगर निवासी अमित शर्मा पुत्र नंदकिशोर ने हाथ देकर उसे रोका और असेनी तक छोड़ने की गुजारिश की। सोनू ने उसे बाइक पर बैठा लिया। दोनों बाइक से मंजिल की तरफ बढ़ ही रहे थे कि पावर हाउस के आगे बनी बर्फ फैक्ट्री के पास बाइक में पीछे बैठे अमित ने सोनू के ऊपर कोल्ड ड्रिंक की बोतल से पेट्रोल डालकर माचिस जलाने लगा। पेट्रोल की महक और अमित को माचिस जलाते देख सोनू उसका इरादा भांप बाइक छोड़कर चिल्लाता हुआ भागा। चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने अमित को पकड़ जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंचे एसआई रमाकांत यादव दोनों को थाने लाए। ग्रामीणों की पिटाई से घायल अमित की हालत गंभीर देख उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे सैफई रेफर किया गया है। एसआई रमाकांत यादव ने बताया आरोपी अमित बेहोश है, उसके होश मे आने के बाद ही घटना की असली वजह पता चल पाएगी।