फफूंद (औरैया)। चमनगंज स्थित बाजार में एक जनरल स्टोर पर दिनदहाड़े तीन युवक नकदी लेकर फरार हो गए। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। मौके पर पहुंची पुलिस पूछताछ कर चोरी करने वालों का पता लगा रही है। दुकान मालिक नीरज कश्यप ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे वह पुत्र वंश (7) को बैठकर किसी काम से चमनगंज तिराहे गए थे।
इसी बीच मौका पाकर तीन युवक दुकान में घुस आए और गुल्लक में रखी चार हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। युवकों के दुकान में घुसते ही बेटे ने रोने के साथ चिल्लाना शुरू किया। दिनदहाड़े दुकान से चोरी की घटना पर व्यापारी एकत्र हो गए। घटना को लेकर व्यापारियों ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी ने बच्चे से जानकारी ली। वहीं, पुलिस बाजार में दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुकान में चोरी करने वाले लोगों का जल्द पकड़ा जाएगा। (संवाद)