औरैया। त्योहार नजदीक आते ही टप्पेबाज सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार दोपहर शहर के जेसीज चौराहे के पास स्थित एक सराफ की दुकान पर लेखपाल बनकर पहुंचे टप्पेबाज ने दो सोने की चेन पार कर दी। दुकानदार ने बताया कि टप्पेबाज उसके पास पीले रंग का हार साफ कराने के लिए लाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस टप्पेबाज की तलाश में जुटी है।
सराफा दुकानदार कन्हैया गुप्ता ने बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे मास्क लगाकर एक युवक दुकान आया। उसके हाथ में पीले रंग का हार था, उसने खुद को अजीतमल क्षेत्र का लेखपाल बता उनके साले लखन से हार साफ कराने की बात कह सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। इस पर लखन ने हार को पास में रखकर चेन दिखानी शुरू कर दी। इस बीच टप्पेबाज ने लखन की किसी महिला से फोन पर बात भी कराई। बात करने वाली महिला ने फोन पर कहा कि उसे एक बढ़िया चेन लेनी है। चेन देखने के बाद टप्पेबाज ने दो चेन हाथों में लेकर कहा कि वह चेन दिखाकर आता है। तब तक उसका हार साफ करवा देना। यह कहकर टप्पेबाज आराम से दुकान से चला गया।
तभी लखन ने हार को साफ करने के लिए कर्मचारी को दिया। जिस पर कर्मचारी ने बताया कि यह तो नकली है। यह सुनते ही दुकानदार चकरा गया। तत्काल टप्पेबाज की इधर-उधर तलाश की। न मिलने पर लगभग एक घंटे बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद टप्पेबाज की फोटो देखी साथ ही टप्पेबाज की तलाश शुरू की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। सराफा दुकानदार ने बताया कि चेन की कीमत लगभग सवा लाख रुपये हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है।