औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के फफूंद रोड निवासी एक युवक का शव गुरुवार को घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। फफूंद रोड निवासी कुलदीप कुशवाहा (28) पुत्र स्व. उदय सिंह ने घर के बरामदे में लगे पंखे के कुंडे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह दूसरे घर में सो रही मां शकुंतला देवी जब पुत्र को जगाने पहुंची तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद डायल 112 पुलिस को फोन से सूचना दी गई।
पुलिस कुंडी तोड़कर घर के अंदर पहुंची और युवक को फंदे से उतारा। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मृतक की दो साल पहले शादी हुई थी। कलह के चलते पत्नी अंजली पांच माह पहले ताल्हेपुर स्थित मायके चली गई थी। तब से वापस नहीं लौटी। इसी कारण वह परेशान रहता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच की जा रही है। (संवाद)