औरैया। सदर बाजार होमगंज में गुरुवार दोपहर तीन हिस्ट्रीशीटरों ने स्कूटी सवार युवक को लाठी-डंडों से पीटा। किसी तरह युवक ने एक दुकान में छिपकर जान बचाई। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही दबंग भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
शहर के मोहल्ला निझाई निवासी सचिन गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह गुरुवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे स्कूटी से अपने घर जा रहा था। होमगंज बाजार में कृष्णा टाकीज के पास अचानक असलहों से लैस सोनू अवस्थी, सोनू पांडेय व बॉबी चौधरी ने उसे रोका।
तीनों सदर कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर हैं। आरोप है कि दबंगों ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की। इनकार करने पर उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। अफरातफरी मच गई। उसने दबंगों के चंगुल से छूटकर पास स्थित एक दुकान में घुसकर शटर गिरा लिया और अपनी जान बचाई। फोन से पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को सूचना देने की जानकारी मिलते ही दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। बाजार के लोगों से भी पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर दे दी है। दबंगों के घर पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।