औरैया। विधान सभा चुनाव के नतीजे पांच घंटे में आने की उम्मीद है। इस बार मतगणना कर्मी चक्र वार वोटों की गिनती इनकोर एप पर फीड करेंगे। इससे समय की काफी बचत होगी। इस प्रक्रिया से मतगणना जल्द पूरी हो जाएगी। पहले मतगणना के बाद प्रपत्र पर मतगणना कर्मी मतों का विवरण देते थे, फिर गणना पर्यवेक्षक को उसी गणना को सत्यापित कर निर्वाचन अधिकारी को देते थे। इसके बाद आयोग की वेबसाइट पर फीड किया जाता था।
मंडी समिति में दस मार्च को होने वाली मतगणना की तैयारी चल रही है। मतगणना कर्मचारियों को एक चरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका। नौ मार्च को दूसरे चरण का प्रशिक्षण होना है। मंडी समिति में बैरिकेडिंग व पंडाल में टेंट, कुर्सी, मेज लगाई जा रही है। अफसर लगातार तैयारियों को परखने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। मतगणना में एक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 टेबल तैयार हो रही हैं। हर काउंटर पर चार-चार कर्मचारी होंगे। मतगणना स्थल पर दो आरओ टेबिल होंगी, जहां चार कर्मी होंगे।
नये सॉफ्टवेयर इनकोर के जरिए मतों की गिनती की जाएगी। सॉफ्टवेयर में मतगणना के समय ही नतीजे दर्ज करने की व्यवस्था है। सभी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अफसरों और सहायक रिटर्निंग अफसरों का इसका प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं इसी सॉफ्टवेयर के जरिए ही हर स्तर पर अपलोड होंगी। प्रत्येक टेबल से इसी सॉफ्टवेयर में नतीजे दर्ज होते जाएंगे। मतगणना स्थल की प्रत्येक गतिविधि आयोग के कंप्यूटरों पर दर्ज होती रहेगी।
मतगणना के लिए बेहतर व्यवस्था की जा रही है। चुनाव आयोग ने इस बार इनकोर एप पर चक्रवार मतों के गणना के परिणाम फीड करने की व्यवस्था की है। इसके माध्यम से गणना में कम वक्त लगेगा। एप के माध्यम से लोग घर बैठे परिणामों की जानकारी कर सकेंगे।
- रेखा एस चौहान, उप जिला निर्वाचन अधिकारी