औरैया। बुखार, बदन दर्द और ज्यादा थकावट जैसे लक्षण दिखने पर सतर्कता जरूरी है, यह कोरोना संक्रमण के शुरुआती लक्षण भी हो सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर कोविड की जांच कराएं और रिपोर्ट के अनुसार इलाज करें। यह सलाह सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने जिले के लोगों को दी है।
सीएमओ ने कहा कि जिले में कोरोना के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। ज्यादातर मरीजों को अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। सीएमओ ने कहा कि बुखार पर कोरोना की जांच जरूर करा लें। जैसे ही शरीर में दर्द, जुकाम, खांसी या बुखार के लक्षण महसूस हों, खुद को होम आईसोलेट कर लें।
इससे करीबियों को संक्रमण से बचाया जा सकता है। अगर किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आते है तो घबराने की जरूरत नहीं है, सामान्य श्रेणी के मरीज घर में तीन-चार दिन के उपचार में ठीक हो रहे हैं। बस डॉक्टर के संपर्क में रहें।