औरैया। जिले में मंगलवार को 30 और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ पिछले 10 दिनों में संक्रमितों का आंकड़ा 103 तक पहुंच गया है। इनमें सात मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि एक्टिव केस अभी भी 96 हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। अपर सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि मंगलवार को आई रिपोर्ट में 30 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनकी आरटीपीसीआर व एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मिले लोगों में 13 गेल गांव, दो एनटीपीसी, एक पुलिस लाइन औरैया के साथ ही दिबियापुर, आयाना के अलावा शहर के बनारसीदास, हंसेकापुरवा, कखावतू, माखनपुर के हैं।
तीन व्यक्ति ऐसे हैं जो संक्रमितों के संपर्क में आने से कोरोना की चपेट में आए हैं। जबकि 25 रैंडम जांच में संक्रमित पाए गए हैं। बाहर से आए दो लोगों में भी संक्रमण मिला है। एसीएमओ ने बताया कि सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री तलाशी जा रही है।
संक्रमित मिलने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में संक्रमित मिलने वालों की संख्या 103 पहुंच गई है। इनमें सात मरीज ठीक हो गए है। जबकि दो अस्पताल में भर्ती हैं। 94 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। कुल 96 एक्टिव केस हैं।
गेल में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के लिए लिखा पत्र
जिले में कोरोना की पिछली दो लहरों में भी संक्रमण की शुरूआत गेल गांव से हुई थी। माना जा रहा है कि गेल में गैर प्रांत से लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने शुरूआत में सतर्कता नहीं दिखाई।
इसका खामियाजा अब जिले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि गेल गांव में सबसे अधिक मरीज मिले हैं। यहां आवाजाही रोकने के साथ ही बाहरी लोगों के आने पर प्रतिबंध लगाने के लिए पत्र लिखा गया है।