औरैया। शहर के मोहल्ला गायत्रीनगर में इन दिनों गंदगी का अंबार है। सफाई न होने से गंदगी में आवारा जानवर लोटते हैं। जिससे बीमारी फैलने की आशंका है। ऐसा तब है जब जिले में इस समय डेंगू और वायरल फीवर का प्रकोप है। उसके बाद भी जिम्मेदार सफाई की ओर से ध्यान नहीं दे रहे हैं। जलभराव और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। पालिका प्रशासन के प्रति लोगों में नाराजगी है।
शहर में हाईवे के उस पार स्थित मोहल्ला गायत्री नगर के खाली प्लाटों में भरा गंदा पानी और फैली गंदगी बीमारी को न्योता दे रहीं हैं। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में इन दिनों डेंगू का प्रकोप तेजी फैल रहा है। इसे देखते हुए मोहल्ले के लोगों ने कई बार सफाई की मांग की, लेकिन पालिका प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इधर जगह-जगह भरे पानी में दिन भर आवारा जानवर पानी में लोटने और फिर पूरे मोहल्ले में घूम-घूम कर गंदगी फैलाते हैं। जिससे बीमारी फैलने की आशंका बनी है।
मोहल्ले के धर्मेंद्र का कहना है कि गंदगी से लोग बीमार हो रहे हैं। कई लोग डेंगू व बुखार से ग्रसित हैं। डॉक्टरों का कहना है कि घरों के आसपास सफाई रखों, लेकिन यहां तो आवारा जानवर गंदगी फैला रहे हैं।
आलोक ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत लोगों से सफाई अपनाने पर जोर दे रहे हैं। वहीं मोहल्ले में सफाई कर्मचारी आए दिन गायब रहते हैं। मच्छरों का प्रकोप है।
गुड्डू चौहान ने बताया कि पालिका प्रशासन को चाहिए कि प्रत्येक मोहल्ले में डेंगू से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराएं, लेकिन यहां ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिल रहा है। लोगों में डर बना है।
नालियों में गंदगी भरी रहने से घरों के बाहर बदबू की समस्या बनी है। मोहल्ले में लोगों को दिक्कत है। कई बार सफाई कर्मचारी से प्रतिदिन मोहल्ले की सफाई करने को कहा जाता है। मगर सुनवाई नहीं है।
वर्जन
शहर के जिन इलाकों व वार्डों में गंदगी व जलभराव की जानकारी मिल रही है। वहां पर सफाई कर्मचारी भेज कर सफाई कराई जा रही है। गायत्री नगर की जानकारी उन्हें नहीं है, यदि गंदगी और जलभराव की समस्या है तो उसे जल्द दूर किया जाएगा। - बलवीर सिंह, ईओ नगर पालिका